मुजफ्फरपुर (बिहार)। होटल की आड़ में अवैध अस्पताल संचालन का भंडाफोड़ हुआ है। एसकेएमसीएच गेट नंबर-1 के सामने अवैध रूप से संचालित मां अंबिका हॉस्पिटल का पर्दाफाश हुआ है।
यह कार्रवाई एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान भारी अनियमितताएं मिलीं। पहली मंजिल पर होटल का बोर्ड लगा था। अंदर पूरी तरह से अस्पताल की तरह मरीजों का इलाज किया जा रहा था। मौके पर न कोई चिकित्सक मिला और न नर्सिंग स्टाफ। ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में बाहर से ताला लगा था। प्रशासनिक टीम ने जब ताला तोड़ा तो अंदर 15 मरीज भर्ती मिले। मरीजों के स्वजन ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों द्वारा लगातार पैसे मांगे जाते थे। भुगतान न करने पर मरीजों को बाहर निकालने की धमकी दी जाती थी। अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और साफ-सफाई नहीं थी। एसडीओ ने बताया कि कमरों से तेज दुर्गंध आ रही थी। खुलासा हुआ कि यहां ऑपरेशन के लिए मरीजों को लाया जाता था। इलाज के नाम पर मनमाने पैसे वसूले जाते थे।
एसकेएमसीएच गेट नंबर-1 के सामने अवैध अस्पताल की सूचना मिली। टीम ने
मौके पर पहुंचकर जांच की। अस्पताल संचालन से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं मिले। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल सील करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










