पटवाई (शाहबाद),उत्तर प्रदेश। अवैध अस्पताल पर छापेमारी कर सील किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पटवाई में शाहबाद रोड पर स्थित ग्लोबल अस्पताल पर यह कार्रवाई की। यह अस्पताल दो साल से फर्जी तरीके से संचालित किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल संचालक से आवश्यक दस्तावेज मांगे। संचालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस दौरान कई झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। शिकायतें मिलने के बावजूद अस्पताल संचालक बगल के गेट से संचालन जारी रखता था।स्थानीय निवासियों ने दोबारा स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। डॉ. चौधरी ने तुरंत एक टीम मौके पर भेजी। उन्होंने जांच के दौरान अस्पताल को खुला पाया। इसके बाद टीम ने अस्पताल को तत्काल सील कर दिया।
नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने बताया कि दस दिन पहले भी शिकायत आई थी। हमने टीम भेजी तो अस्पताल बंद मिला। आज हमने टीम भेजकर अस्पताल सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग में इसका कोई पंजीकरण नहीं है।










