खरखौदा (सोनीपत), हरियाणा। अवैध अस्पताल में छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। अस्पताल संचालक पर केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई सांपला मार्ग स्थित पीसी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल पर की गई। पुलिस ने अस्पताल संचालक गांव पाई निवासी अनिल पर केस दर्ज कर लिया है।
यह है मामला
सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल पर दबिश दी थी। जांच में सामने आया कि अस्पताल बिना वैध अनुमति के चल रहा है। योग्य डाक्टरों और जरूरी लाइसेंस के बिना संचालित किया जा रहा था। संचालक स्वयं जीएनएम (नर्सिंग) कोर्स किए हुए है। इसके बावजूद मरीजों का इलाज कर रहा था। मौके पर कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। टीम को जांच के दौरान एक महिला मरीज गंभीर हालत में भर्ती मिली। उसे बिना डाक्टर की निगरानी के एलोपैथिक इंजेक्शन दिए जा रहे थे।
मरीज को सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया
मरीज को तुरंत सरकारी अस्पताल में शिफ्ट करवाया गया। अस्पताल स्टाफ के पास भी कोई मान्य मेडिकल योग्यता नहीं पाई गई। बड़ी मात्रा में दवाएं, संचालित लैब और एक आपरेशन थियेटर भी मिला। इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। टीम ने दवाओं को जब्त कर आपरेशन थियेटर के उपकरण सील कर दिए थे। अब पुलिस ने अस्पताल संचालक अनिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।










