कांठ, मुरादाबाद (यूपी)। अवैध अस्पतालों पर रेड की गई है। डिप्टी सीएमओ ने रेड कर एक अस्पताल को सील कर दिया। वहीं, दूसरे की ओटी को सील किया है। दोनों ही अस्पतालों में बिना पंजीकरण के आपरेशन किए जा रहे थे। एक अस्पताल में भर्ती मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। साथ ही दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।

ये कार्रवाई उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की पूर्व सदस्य फहमीदा सुल्तान की शिकायत के बाद हुई है। शिकायत के बाद सीएमओ डा. कुलदीप सिंह ने एक टीम गठित की। अवैध क्लीनिक एवं अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डा. प्रवीण श्रीवास्तव ने रिजा रानी अस्पताल में छापा मारा। अस्पताल का पंजीकरण सिर्फ ओपीडी के लिए है, लेकिन सीजर आपरेशन की ओटी मिली।

इसे डिप्टी सीएमओ ने सील कर दिया। इसके बाद टीम ने अमृत नर्सिंग होम पर छापा मारा। वहां बताया गया कि अस्पताल का ओपीडी का पंजीकरण है। लेकिन बिना पंजीकरण आपरेशन किए जा रहे थे। बिना पंजीकरण के सीजर आपरेशन करने के चलते अमृत नर्सिंग होम को सील कर दिया। यहां भर्ती मिले दोनों मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।