जयपुर। प्राइवेट हॉस्पिटल में रेड कर अवैध इंजेक्शन और दस्तावेज जब्त किए हैं। सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (सीडीएससीओ) और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गोपालपुरा बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में छापा मारकर अवैध दवा बिक्री का भंडाफोड़ किया है।
आरोप है कि अस्पताल के सेक्सोलॉजिस्ट डॉक्टर और एक कर्मचारी ने मिलकर तीन इंजेक्शनों की मिलावट से ट्राइमेक्स नाम का नया इंजेक्शन बनाया। इसे ऑनलाइन बेचा जा रहा था। यह दवा ड्रग विभाग में पंजीकृत तक नहीं थी। आरोपियों ने फर्जी ऑनलाइन फार्मेसी बना रखी थी। इसका कोई रजिस्ट्रेशन नहीं था। अवैध दवा गुजरात तक सप्लाई की जा रही थी। विभाग ने मौके से दस्तावेज जब्त किए हैं। अब डॉक्टर के खिलाफ मेडिकल काउंसिल में कार्रवाई की सिफारिश की गई है.
औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि दिल्ली से सूचना मिली थी। पता चला कि गुजरात में बड़ी मात्रा में जयपुर से अवैध दवाएं जा रही हैं। यौन समस्याओं के इलाज के लिए ट्राइमेक्स के नाम से ऑनलाइन इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं। यह इंजेक्शन पापावेरिन, एल्प्रोस्टैडिल और क्लोरप्रोमेजिन की थोड़ी-थोड़ी डोज मिलाकर तैयार किया जाता था। इस पर जयपुर में अवैध दवाओं के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। विभाग की टीम ने छापा मार कर हॉस्पिटल से जरूरी दस्तावेज जब्त किए। अब हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए आरएमसी को पत्र लिखा जाएगा।










