सासाराम (बिहार)। अवैध मेडिकल स्टोर सील कर 62 प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं। रोहतास में अमियावर बाजार के भारत मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग ने ये कार्रवाई की। स्टोर से जब्त दवाओं की कीमत लाखों में है। इसके अलावा 6 प्रकार की संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी लिए हंै।

जांच में पाया गया कि स्टोर पर दवा बिक्री से संबंधित लाइसेंस एवं वैध कागजातों में अनियमितताएं थीं। दुकान का संचालन मो. असहर अली करता है। टीम ने दवाएं जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दुकान को सील कर दिया।

जांच रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई

ड्रग इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार राम ने बताया कि 6 प्रकार की दवाओं के सैंपल लिए हैं। इनकी गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यदि दवाएं मानक के अनुरूप नहीं मिली तो कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में भूषण कुमार, शिवनंदन, मृणाल तथा नासरीगंज थाना पुलिस बल शामिल था।