सोलन (हिमाचल प्रदेश)। नशीली दवा ट्रामाडोल व अल्प्राजोलम की अवैध सप्लाई पकड़ी गई है। बद्दी में ड्रग विभाग और पुलिस की टीम ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाएं पकड़ी। टीम ने 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद कीं। इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 1,61,920 गोलियां व अल्प्राजोलम (एट्राक्स-0.5) की 61,164 गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान अनुराग शुक्ला निवासी व शिव पूजन प्रजापति दोनों उत्तर प्रदेश निवासी के रूप में हुई है।
आरोपित बिना वैध लाइसेंस के प्रतिबंधित दवाओं का अवैध भंडारण और कारोबार कर रहे थे। पुलिस थाना बद्दी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीम को भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध एवं अवैध दवाएं भी मिली हैं।
यह है मामला
कांगड़ा के ड्रग इंस्पेक्टर कुशल को नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की सहायता से टीम ने किशनपुरा क्षेत्र में दबिश देकर एक आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित से पूछताछ के आधार पर अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान यह बरामदगी की गई। डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि नशीली दवाओं के साथ दो आरोपितों को पकड़ा है। इनसे पूछताछ जारी है। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि इनके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।










