पटना (बिहार)। प्रतिबंधित कफ सिरप और इंजेक्शन के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने 32 लाख से अधिक मूल्य की प्रतिबंधित कफ सिरप, इंजेक्शन और टैबलेट बरामद की है। मेहदीगंज थाना क्षेत्र में की गई इस छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
यह है मामला
मद्य निषेध विभाग ने गुप्त सूचना पर शिवचक बैंक कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। छापेमारी के दौरान 20 कार्टन में रखी 240 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई। 24 कार्टन में प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शन और तीन कार्टन में प्रतिबंधित टैबलेट भी जब्त की गईं। कुल 47 कार्टन प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई।
जब्त कफ सिरप, इंजेक्शन और टैबलेट की अनुमानित कीमत 32 लाख 71 हजार 560 रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान मेहदीगंज निवासी रजनीश कुमार को गिरफ्तार किया गया. आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।










