नई दिल्ली। नशीली दवा के अंतर-राज्यीय रैकेट का भंडाफोड हुआ है। पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में साइकोट्रॉपिक दवाएं बरामद की हैं। इनमें लगभग 59,925 अल्प्राजोलम टैबलेट और 2,000 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन शामिल हैं।
यह है मामला
क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली कि सोनिया विहार निवासी विपिन कुमार पाल साइकोट्रॉपिक दवाओं की अवैध रूप से सप्लाई कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने शास्त्री पार्क में बाबा श्यामगिरी मंदिर के पास जाल बिछाया। विपिन एक बोरा लेकर मौके पर पहुंचा।
कुछ ही देर बाद पंजाब के पटियाला का रहने वाला सलमान खान उस जगह पर पहुंचा। जैसे ही विपिन ने बोरा सलमान को सौंपा, पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। जांच के दौरान कार्टन से अल्प्राजोलम के 100 डिब्बे बरामद किए गए। गिनती करने पर कुल 59,925 टैबलेट मिलीं। आरोपी इन दवाओं से संबंधित कोई भी वैध बिल या पर्चा पेश नहीं कर पाए। दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप मुजफ्फरनगर के अब्दुल रहमान उर्फ रेहान के जरिए मंगवाई गई थी।
इसे पंजाब के बरनाला में मनी नाम के एक साथी तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने बाद में मुजफ्फरनगर से अब्दुल रहमान उर्फ रेहान और रवि गर्ग को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक किराए के कमरे से रेक्सोजेसिक (ब्यूप्रेनॉर्फिन) के 2,000 इंजेक्शन बरामद किए। टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।










