फारबिसगंज (अररिया)। क्लीनिक में जांच करने पहुंची टीम को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। बचपन न्यू एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में जांच टीम एवं क्लीनिक के स्टाफ के बीच और मारपीट हुई। इस दौरान टीम सदस्यों को बंधक बनाकर रखा गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधकों को रिहा करवाया। जांच दल में शामिल टीम के सदस्य और निजी अस्पताल के किई कर्मी भी घायल हुए हैं।

यह है मामला

जानकारी अनुसार जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम बचपन न्यू एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में जांच के लिए पहुंची। हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार के साथ जांच टीम पदाधिकारियों की जमकर हाथापाई हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए। हॉस्पिटल के कर्मियों ने जांच टीम कोआधे घंटे तक बंधक रखा। एसडीओ अभय कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर जांच दल को सुरक्षित साथ ले गए।

इधर निजी अस्पताल के चिकित्सक ने कहा कि जांच टीम अचानक हॉस्पिटल पहुंची। उनके चेंबर में पहुंचकर पूछा जाने लगा कि एप्रोन क्यों नहीं पहने हैं। इस दौरान उसके साथ अभद्रतापूर्वक व्यवहार व हाथापाई भी की गई। इस तरह का रफ व्यवहार करते हुए जांच करना उचित नहीं है। जांच दल में शामिल पदाधिकारी ने उनके ऊपर हाथ उठाया। इसका उन्होंने बचाव व प्रतिकार किया है। जब उनके साथ अधिकारियों ने मारपीट की तो कर्मी दौड़कर आए। सभी को पकडक़र अलग किया। बंधक नहीं बनाया गया। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताया। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है।

क्या कहते हंै सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डा. केके कश्यप ने कहा कि जिले में संचालित क्लीनिक व लैब की जांच के लिए जिला प्रशासन ने टीम गठित की है। निजी अस्पताल में हुई घटना की जांच करवाई जा रही है।