जींद (हरियाणा)। दवा-इंजेक्शन की जगह सिविल अस्पताल के फ्रिज में लस्सी-सब्जियां रखी हुई मिली। इसका पता सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली के निरीक्षण के दौरान चला। सिविल सर्जन नेसिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गायनी वार्ड के फ्रिज में लस्सी की बोतल, सब्जियां रखी हुई मिली। यहां एमरजेंसी वार्ड में एसी नहीं चल रहे थे और कई जगह पर रजिस्टर में एंट्री पूरी नहीं मिली। सिविल सर्जन ने कहा कि इस बार चेतावनी दी है और भविष्य में ऐसी गलतियां मिली तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

यह है मामला

सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने. अरविंद, डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला को साथ लेकर अस्पताल का निरीक्षण शुरू किया। सबसे पहले गायनी वार्ड में सैंपल, किट, इंजेक्शन रखने के लिए फ्रिज खुलवाया तो इसमें लस्सी की बोतल, खाने के टिफिन रखे मिले। सिविल सर्जन ने निर्देश दिए कि यहां केवल इंजेक्शन या कोल्ड में रखनी जाने वाली दवाइयां ही रखी जाएं।

एमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर इधर-उधर थे और न ही यहां पर कर्मचारी खड़ा हुआ था। इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताई और कहा कि यहां स्ट्रेचर व्यवस्थित होने चाहिएं और कर्मचारी हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए। इसके बाद वे नर्सिंग आफिसर के कमरे में पहुंची और हाजिरी रजिस्टर को चेक किया। इसके बाद सिविल सर्जन लैब में पहुंची और बाद में नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों को टोका। जहां पर खामियां नजर आई, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं।