सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। कफ सिरप तस्करी गिरोह का मुख्य हैंडलर गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले नेटवर्क का खुलासा किया। वहीं गिरोह के मुख्य हैंडलर जुबेर हुसैन शेख को हावड़ा से पकड़ा है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह संगठित गिरोह रांची स्थित शैली ट्रेडर्स के जरिए संचालित हो रहा था। यहां से नशीले कफ सिरप की खेप ट्रकों के माध्यम से बांग्लादेश तक भेजी जाती थी। तस्करी के लिए पूर्णिया, सिलीगुड़ी और कूचबिहार बॉर्डर रूट का इस्तेमाल किया जाता था। जहां से बांग्ला भाषी चालक माल को सीमा पार पहुंचाते थे। गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। ट्रकों में कफ सिरप को फर्जी बिल के जरिए चावल या अन्य खाद्यान्न के रूप में दिखाकर परिवहन किया जाता था। गिरोह के सदस्य सीधे संपर्क से बचते हुए कोड वर्ड के माध्यम से ही बातचीत करते थे।
आरोपी ने बताया कि वह हर ट्रक के बदले करीब 30 हजार रुपए लेता था। सप्ताह में 2-3 ट्रकों की सप्लाई करता था। गिरोह ड्राइवरों को लालच देने के साथ-साथ सुरक्षा और कानूनी मदद का भरोसा भी देता था। इससे कई लोग इससे जुड़े हुए थे। इस नेटवर्क से जुड़े कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि अन्य की तलाश जारी है।










