रायपुर (छत्तीसगढ़)। लाइसेंस बगैर कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण का भंडाफोड़ हुआ है। इससे पहले प्रतिबंधित पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम की बिक्री का मामला भी सामने आया था। अब बिना वैध लाइसेंस कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण का मामला सामने आ गया है।
औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने महावीर नगर में छापेमारी की। मौके से गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम बनाने के अवैध कारोबार का पता चला। कार्रवाई महेंद्र सचदेवा के ठिकाने पर की गई। यहां पिछले करीब एक महीने से कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किए जा रहे थे।
विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित कारोबार के लिए जारी लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद उत्पादों का निर्माण जारी था। टीम ने तैयार क्रीम और सीरम के साथ इनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल तथा पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की है।
तीन ब्रांड के उत्पाद मिले
जांच के दौरान मौके पर मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम का निर्माण होना पाया गया। विभागीय टीम ने इन तीनों ब्रांड के तैयार उत्पादों को जब्त कर लिया है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इनकी सप्लाई किन-किन दुकानों एवं बाजारों में की गई।





