नवी मुंबई। अर्थवर्धन आयुर्वेदिक पोंजी स्कीम में 4 आरोपी अरेस्ट किए हैं। ये आयुर्वेदिक उत्पादों की बिक्री का ढोंग करने वाली पोंजी योजना चला रहे थे। अर्थवर्धन हेल्थ एंड वेल्थ प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ये समूह काम कर रहा था। आरोपियों ने नए कर्मचारियों को लाने पर प्रति माह 6 लाख रुपये तक का भुगतान करने का वादा किया।
एक अन्य योजना में ₹500 की साप्ताहिक जमा राशि पर 14 महीनों में ₹60,600 का रिटर्न देने का प्रस्ताव था। पुलिस ने सूचना मिलने पर एक फर्जी ग्राहक का इस्तेमाल कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। जांच में पाया कि वास्तव में केवल 10 फीसदी पैसा ही आयुर्वेदिक उत्पाद खरीदने में खर्च हुआ। बाकी पैसा और अधिक सदस्यों को जोडऩे पर निर्भर था।
अगस्त से अब तक महज तीन महीनों में लगभग 9,000 सदस्यता आईडी बनाई गईं। पुलिस ने आरोपियों से कारों और ब्रांडेड सामान सहित 26.36 लाख की संपत्ति जब्त की। धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने निवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति से सबूत के साथ सामने आने का आग्रह किया है। इससे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।





