रायबरेली (यूपी)। खांसी दवा की ओवरडोज से बच्चा बेहोश होने का खुलासा हुआ है। इसके ख्लते संबंधित मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। औषधि निरीक्षक ने मामले की जांच की तो पता चला कि बच्चे को खांसी के सीरप की ओवरडोज दी गई थी। मामले में दवा देने वाले मेडिकल स्टोर की जांच करने औषधि निरीक्षक पहुंचे। मेडिकल स्टोर बंद होने पर उसे सील कर दिया गया है।
यह है मामला
गढ़ी दूलाराय के बिंदादीन का परिवार बनईमऊ गया था। वहां उनके तीन वर्षीय बेटे विनय को खांसी आने लगी। उन्होंने बनईमऊ बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लाकर दे दी। उसकी दो खुराक पीने के बाद बच्चा बेहोश हो गया। उसे पहले सीएचसी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के बाद बच्चे को होश आया।
मामला संज्ञान में आने के बाद औषधि निरीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक ने बताया कि कोडेक्स डीएक्स सीरप बच्चे के पिता ने पिलाई।
इसकी डोज अधिक हो गई थी। दो से छह साल के बच्चे को 1.25 एमएल दवा दी जा सकती है। उसके बाद औषधि निरीक्षक खीरों पुलिस के साथ बनईमऊ बाजार पहुंचे। बिंदादीन को मौके पर बुलाया गया। बिंदादीन ने जिस मेडिकल स्टोर से दवा ली थी, उसकी जानकारी दी। वह बंद पाया गया और उसमें कोई बोर्ड लगा भी नहीं मिला। मेडिकल स्टोर संचालक से संपर्क न होने पर उसे सील करके नोटिस चस्पा कर दी।










