रायबरेली (यूपी)। मेडिकल स्टोर पर रेड के बाद उसे सील कर दिया है। महराजगंज के चंदापुर स्थित मेडिकल स्टोर में मरीज को ग्लूकोज चढ़ाने के बाद उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस की टीम ने संयुक्त छापा मारा। मेडिकल स्टोर से चार संदिग्ध दवाओं के सैंपल भरे। मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। एडीएम प्रशासन के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।

यह है मामला

नयापुरा मजरे चंदापुर निवासी दशरथ की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा संरक्षित किया गया है। सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर शिवेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने मां भगवती मेडिकल स्टोर नया पुरवा, चंदापुर में छापा मारा। मृतक के भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक के भाई आदित्य कुमार ने दशरथ का इलाज किया था।

इसी के बाद दशरथ की हालत बिगड़ गई थी। मरीज को रायबरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी मौत हो गई। मां भगवती मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। चार दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया है। संचालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।