बलिया (यूपी)। मेडिकल स्टोर बिना फार्मासिस्ट के संचालन करने पर सील किया गया है। जिले में दवा दुकानों की मनमानी पर औषधि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने माधव मेडिकल स्टोर को सील किया है। यह कार्रवाई दुकान बिना प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट के चलाए जाने के कारण की गई।
निरीक्षण के दौरान कई अन्य मेडिकल स्टोर्स की भी जांच की गई। इसमें मधु फार्मेसी सुखपुरा, एस.एस. मेडिकल एजेंसी, न्यू गौरी मेडिकल स्टोर रतसर और न्यू दीप मेडिसिन सेंटर गड़वार में कमियां पाई गईं। इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित प्रतिष्ठानों को स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के समय कार्यालय लिपिक पीयूष सिंह भी मौजूद रहे।
कार्रवाई के बाद औषधि निरीक्षक ने बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के साथ बैठक की। इस बैठक में दवा व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह सहित कई पदाधिकारी इस बैठक में उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध दवा दुकान संचालकों में हडक़ंप मच गया है।










