सीवान (बिहार)। लाइसेंस के बिना चल रहे मेडिकल स्टोर को सील किया गया है। जांच टीम ने एनएच-331डी के समीप संचालित एक दवा दुकान एवं क्लिनिक पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान संचालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद औषधि निरीक्षक हरिनारायण सहनी ने दुकान में रखी दवाओं को जब्त कर लिया। जब्त दवाओं की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। दुकान को सील कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान डॉ. आनंद की शैक्षणिक डिग्री एवं पंजीकरण की भी जांच की गई।
यह है मामला
सारण जिले के स्टाइल बाजार महावीर चक निवासी बीकु कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप लगाया गया था कि डॉ. आनंद ‘आशीष सेवा सदन’ नामक स्थान पर बिना किसी सरकारी प्रमाण पत्र के दवा दुकान एवं उपचार केंद्र चला रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान संबंधित दवा दुकान बिना लाइसेंस के संचालित मिली। इस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।










