आजमगढ़ (उप्र)। मेडिकल स्टोरों पर प्रशासन ने छापेमारी की है। दो मेडिकल स्टोर सील कर दिए हैं। इनसे कई एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की हैं। मेंहनगर कस्बे में निजी मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की गई। इस दौरान बिना बिल की दवाएं रखने और एक्सपायरी दवाएं बेचने के मामले सामने आए। अधिकारियों ने दो दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

यह कार्रवाई जनऔषधि केंद्र के निरीक्षण के बाद की गई। इस दौरान दवाओं के बिल, स्टॉक रजिस्टर और एक्सपायरी डेट की बारीकी से जांच की गई। दो मेडिकल स्टोरों पर बिना बिल के दवाएं मिलीं। इसके लिए एसडीएम ने उन्हें नोटिस जारी किया। एक अन्य मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी दवाएं मिलने पर उन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद की गई थी।

जांच के दौरान कई दुकानों पर फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं मिले। ड्रग इंस्पेक्टर को सभी स्टोरों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। छापेमारी की खबर से कई मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद कर चले गए। टीम ने दवा के क्रय-विक्रय से जुड़े सभी दस्तावेजों की भी जांच की।