अलवर (राजस्थान)। कोरेक्स सिरप के सप्लायर से 8 लाख की दवाएं बरामद की गई हैं। आरोपी ने किराए के घर में कोरेक्स सिरप और नशीली दवाओं का गोदाम बना रखा था। इन्हें नशे के लिए सप्लाई करता था। गोदाम से 8 लाख के कोरेक्स कफ सिरप और फ्लॉक्सिको स्पास कैप्सूल मिले हैं। यह दवाई दर्द में काम में ली जाती है। थाना पुलिस ने आरोपी वाजिद (25) निवासी रायबका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बख्तल चौकी के पास 12 बीघा क्षेत्र में दबिश देकर मौके से 4,045 बोतल कोरेक्स कफ सिरप बरामद की।
यह है मामला
सीओ रश्मि मीणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक किराए के मकान में कोरेक्स सिरप और नशीले कैप्सूल रखे हुए है। इनका इस्तेमाल युवा नशे के रूप में कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीला जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी अवैध दवाइयों को जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।










