कन्नौज (उप्र)। मेडिकल स्टोर पर रेड के दौरान फार्मासिस्ट नदारद मिला। दवा क्रय-विक्रय के बिल भी नहीं पाए गए। इसके चलते औषधि विभाग की टीम ने तीन दवाओं के सैंपल सील किए हैं।
यह है मामला
जिले में दवाओं की गुणवत्ता की जांच के लिए औषधि निरीक्षक डॉ. परमेश कुमार द्विवेदी ने निरीक्षण अभियान चलाया। इसके तहत कई मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रामा मेडिकल स्टोर सौरिख का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में दुकान पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला। जबकि दवा विक्रय के लिए फार्मासिस्ट की मौजूदगी अनिवार्य है। प्रतिष्ठान संचालक क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक बिल भी नहीं दिखा सके। इस पर औषधि निरीक्षक ने सभी अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दुकान से तीन दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा दुकानों पर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










