नर्मदापुरम (मप्र)। इलाज में लापरवाही पर मीना अस्पताल को नोटिस थमाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शहर में संचालित डॉ. मीना फ्रैक्चर हॉस्पिटल के खिलाफ एक्शन लिया। मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया था। आयुष्मान भारत निरामयम योजना में वित्तीय अनियमितता, फर्जीवाड़ा के दोषी पाया गया। सीएमएचओ डॉक्टर नरसिंह गेहलोत ने अस्पताल के खिलाफ सख्त कदम उठाया।

मीना फैक्चर अस्पताल प्रबंधन को रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए कारण बताओ पत्र जारी किया। साथ ही आयुष्मान योजना से अस्पताल की पात्रता निरस्त करने की अनुशंसा भी की गई।

यह है मामला

हथवास पिपरिया निवासी रेखा पति अशोक अहिरवार ने इलाज में लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई थी। डॉ. मीना फ्रैक्चर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एएस मीना और अन्य डॉक्टरों पर आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ कार्यालय ने जांच दल का गठन किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर अनियमितताएं पाई गईं। इनमें आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद दोनों ऑपरेशनों के दौरान अस्पताल प्रशासन ने पैसे लिए। मरीज ने जांच समिति के समक्ष इसके ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए। आयुष्मान योजना के तहत अधिक राशि का पैकेज बुक किया गया। इससे शासन को सीधा वित्तीय नुकसान पहुंचाया।

इलाज में लापरवाही और फर्जीवाड़ा उजागर

रिपोर्ट में मरीज के इलाज के दौरान डॉक्टरों द्वारा लापरवाही की बात सही मिली। इसके चलते अस्पताल का पंजीयन निरस्त करने नोटिस थमाया गया है। आयुष्मान भारत योजना से पात्रता निरस्त करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।