लखनऊ (यूपी)। घटिया दवा सप्लाई करने पर फार्मा कंपनी ब्लैक लिस्ट की गई है। मेडिकल सप्लाइज कारपोरेशन (यूपी-एमएससीएल) ने निर्माता एथेंस लाइफ साइंस को तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यह फार्मा जीवाणु जनित रोग में इस्तेमाल होने वाली एमोक्सिसिलिन, पोटेशियम क्लैवुलनेट टेबलेट बनाती है।

एमोक्सिसिलिन, पेनिसिलिन श्रेणी की एंटीबायोटिक दवा है। इसका उपयोग कान, नाक, गले में होने वाले संक्रमण को नियंत्रित करने में होता है। पोटेशियम क्लैवुलनेट इसकी सहयोगी दवा है। यह बैक्टीरिया द्वारा शरीर में छोड़े जाने वाले एंजाइम (बीटा-लैक्टामेज) को रोकती है।

यूपी-एमएससीएल ने सितंबर 2025 में इन दोनों दवाओं की खरीद का अनुबंध किया था। इसके बाद आपूर्ति की गयी दवा के दो बैचों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसमें दोनों दवाएं अधोमानक मिलीं हैं। ड्रग्स का अनुपात भी सही नहीं है। इससे यह रोग को नियंत्रित करने में पूरी तरह से कारगर नहीं है। एमडी उज्जवल कुमार ने बताया कि लैब रिपोर्ट मिलने पर दोनों बैचों की दवा का इस्तेमाल रोक दिया था। अधोमानक दवाओं की आपूर्ति के लिए हिमाचल प्रदेश की एथेंस लाइफ साइंस कंपनी को दो बार नोटिस भेजा गया।

उत्तर नहीं मिलने पर कंपनी को तीन साल के लिए प्रतिबंधित किया है। प्रदेश सरकार तीन सालों तक इस कंपनी से एमोक्सिसिलिन और पोटेशियम क्लैवुलनेट टेबलेट नहीं खरीदेगी। कंपनी पर विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।