नई दिल्ली। एनपीपीए (राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण) ने 42 नई दवाओं के खुदरा मूल्य तय किए हैं। इनमें उच्च रक्तचाप रोधी, मधुमेह रोधी, सूजन रोधी दवाएं और भारी मासिक धर्म रक्तस्राव के उपचार के लिए संयोजन दवाओं के विभिन्न फॉर्मूलेशन शामिल हैं। प्राधिकरण ने बैठक में नई दवाओं के खुदरा मूल्य के लिए आवेदनों पर विचार किया था। इस दौरान दवाओं के मूल्य निर्धारित किए। बैठक के दौरान 43 आवेदनों पर विचार किया गया। ज़ाइडस लाइफसाइंसेज द्वारा इम्यूनोसप्रेसेंट फॉर्मूलेशन टैक्रोलिमस प्रोलॉन्गड रिलीज़ कैप्सूल के लिए आवेदन को स्थगित कर दिया। जिन दवाओं के खुदरा मूल्य निर्धारित किए गए हैं, उनमें हैं:

रेलुगोलिक्स, एस्ट्रैडियोल और नोरेथिंड्रोन एसीटेट टैबलेट के संयोजन के छह फॉर्मूलेशन
– इनमें प्रत्येक टैबलेट में रेलुगोलिक्स 40 मिलीग्राम, एस्ट्रैडियोल हेमीहाइड्रेट यूएसपी और नोरेथिंड्रोन एसीटेट यूएसपी 0.5 मिलीग्राम होता है।

ये फॉर्मूलेशन एलेम्बिक फार्मास्यूटिकल्स (120.62 रुपये प्रति टैबलेट), ज़ाइडस हेल्थकेयर (116 रुपये प्रति टैबलेट), इंटास फार्मास्यूटिकल्स (110 रुपये प्रति टैबलेट) और एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स, जगसनपाल फार्मास्यूटिकल्स और अरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स (सभी 107.22 रुपये प्रति टैबलेट) द्वारा विपणन किए जाते हैं।
इसी संयोजन की कीमत डॉ. रेड्डीज़ के लिए पिछली बैठक में तय की गई थी। यह संयोजन सुमितोमो फार्मा द्वारा पेटेंट कराया गया है। इसे विश्व स्तर पर मायफेम्ब्री और रायको ब्रांड नाम से बेचा जाता है। यह दवा मासिक धर्म में अत्यधिक रक्तस्राव और गर्भाशय फाइब्रॉएड के दर्द में ली जाती है।