बदायूं (उप्र)। फर्जी डिग्री के सहारे चल रहा निजी अस्पताल सील किया गया है। उस्मानपुर स्थित एक निजी अस्पताल के बिना पंजीकरण संचालित होने की शिकायत मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच में शिकायत सही पाई। टीम ने मौके पर ही निजी अस्पताल को सील कर दिया। बताया जाता है कि चिकित्सक की डिग्रियां भी फर्जी थीं।

यह है मामला

धोबरखेड़ा निवासी सुदेश यादव ने शिकायत दी थी। बताया कि बक्सर निवासी डॉ. उदल सिंह बिना वैध पंजीकरण और फर्जी डिग्री के सहारे अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। नोडल अधिकारी व उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार व साथ बाबू नितिन कुमार जांच करने पहुंचे।

जांच के दौरान टीम को अस्पताल संचालित मिला। टीम ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों और पंजीकरण की जांच की। दस्तावेज सही नहीं मिले। मौजूद मिले चिकित्सक अपनी वैध डिग्रियां भी नहीं दिखा सके। अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल अस्पताल सील कर दिया। डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि बिना मानकों के अस्पताल वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।