लखनऊ (उप्र)। लाइसेंस बगैर चल रहे पॉली क्लीनिक पर फार्मासिस्ट इलाज करता मिला है। काकोरी के सीएचसी अधीक्षक ने अवैध पॉली क्लीनिक एवं अस्पतालों पर छापा मारा। इस दौरान एक पॉली क्लीनिक पर फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज करते मिला। क्लीनिक में अंदर ही बेड, मॉनीटर पड़े थे। आरोपी क्लीनिक संचालक के खिलाफ काकोरी थाने में िशकायत दी गई है। वहीं, छापे की सूचना मिलते ही इलाके में कई अन्य क्लीनिक संचालक फरार हो गए।
यह है मामला
काकोरी के सीएचसी अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा ने दोना गांव में बिना लाइसेंस संचालित सतीश पॉली क्लीनिक पर रेड की। क्लीनिक में सतीश यादव ने अपने नाम के आगे डॉक्टर लिख रखा था। जांच में पता चला कि सतीश ने डिप्लोमा इन फार्मेसी कर रखा है। वह क्लीनिक में मरीजों को भर्ती करके आईवी फ्लूड लगा रहे थे। क्लीनिक के अंदर चार बेड और एक मॉनिटर भी मिला।
फार्मेसी में काफी मात्रा में दवाइयां मिलीं। क्लीनिक संचालक ने फार्मेसी लाइसेंस होने की बात कही। मौके पर क्लीनिक संचालन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। स्वास्थ्य विभाग ने संचालक सतीश को नोटिस जारी कर तत्काल क्लीनिक बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद क्लीनिक का संचालन चल रहा था। यह जानकारी होने पर अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा ने काकोरी पुलिस को शिकायत दी है।










