संभल (यूपी)। सांप के काटने पर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट मनोज को निलंबित कर दिया है। फार्मासिस्ट के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

यह कार्रवाई बच्चे को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के मामले में की है। डीएम ने कार्रवाई की जानकारी मीडिया को दी। मामला जिला मुख्यालय बहजोई के पास मूसापुर गांव का है।

यहां सांप के काटने के बाद 4 साल के बच्चे को जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया था। आरोप है कि बच्चे को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया। जबकि उसे एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) दिया जाना था। इसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई।

मूसापुर गांव निवासी अबुल हसन का 4 साल का बेटा दीप आंगन में कंचे खेल रहा था। एक कंचा दीवार के छेद में चला गया। उसे निकालते समय वहां मौजूद सांप ने बच्चे की अंगुली में काट लिया। चाचा तबारक हुसैन बच्चे को जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे।

जांच में सामने आया कि बच्चे का इमरजेंसी ओपीडी में रजिस्ट्रेशन हुआ था। उसके नाम से पर्चा जारी किया गया। पर्चे पर किसी डॉक्टर के साइन नहीं मिले। फार्मासिस्ट मनोज कुमार सिंह ने अपने स्तर से दवा-इंजेक्शन दिया। बच्चे को एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने के लिए भेजा।

कर्मचारियों ने पर्चे के आधार पर इंजेक्शन लगा दिया। आरोप है कि बच्चे को एंटी रेबीज वैक्सीन लगा दी गई। जबकि सांप के काटने के मामले में उसे एंटी स्नेक वेनम दिया जाना था। इंजेक्शन लगने और दवा दिए जाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने मामले की जांच की। टीम ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का सीसीटीवी फुटेज भी देखा। फार्मासिस्ट मनोज कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।