गाजियाबाद। फार्मासिस्ट के पदनाम में बदलाव हो गया है। फार्मासिस्ट अब फार्मेसी अधिकारी कहलाए जाएंगे। केंद्र सरकार की ओर से गैजेट जारी किया गया है। जिला फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि इस आदेश के बाद जिले में 70 से अधिक फार्मासिस्ट अब फार्मेसी अधिकारी पद में बदल जाएंगे। फार्मासिस्ट को फार्मेसी अधिकारी, वरिष्ठ फार्मासिस्ट को वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी कहा जाएगा। इसी तरह चीफ फार्मासिस्ट को मुख्य फार्मेसी अधिकारी के तौर पर जाना जाएगा।

पदोन्नति में भी इसका विशेष ध्यान रखना होगा। वेतनमान भी उक्त पदों के आधार पर निर्धारित कर दिया जायेगा। बता दें कि सरकारी अस्पताल, सीएचसी, आदि में कार्यरत सभी फार्मासिस्ट अब फार्मेसी अधिकारी बन जाएंगे। अधिकांश फार्मासिस्ट ओपीडी में दवा बांटने, मेडिकल स्टोर में दवाओं का रखरखाव करने का कार्य करते हैं। रजिस्टर में मरीजों का पूरा रिकार्ड दर्ज करने की जिम्मेदारी भी फार्मासिस्ट पर ही होती है।