कटड़ा (जम्मू)। प्रीगाबालिन टैबलेट की बड़ी खेप जब्त की गई है। रियासी पुलिस ने कुल 10,900 टैबलेट बरामद की हैं। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ा है। बरामद सभी टैबलेट 300 मिलीग्राम की हैं। कटड़ा के स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को बैग सहित रोका। तलाशी लेने पर उसके बैग से 410 स्ट्रिप बरामद हुईं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 टैबलेट थीं। इससे कुल 4,100 प्रीगाबालिन टैबलेट बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपित की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी ऊधमपुर के रूप में हुई। वह वर्तमान में कटड़ा में पर्यटक गाइड के रूप में काम कर रहा था। वह इन टैबलेट संबंधी कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। यह जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन है। इस संबंध में पुलिस थाना कटड़ा में एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
एक अन्य मामले में सन्नी कुमार निवासी कटड़ा और अमीत खान निवासी जांखा धनसाल को पकड़ा है। इनके कब्जे से 6,800 प्रीगाबालिन टैबलेट बरामद की थीं। इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर, रियासी को आवश्यक पत्र भेज दिए गए हैं। फिलहाल तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।










