प्रतापगढ़। किडनी चोरी के आरोप में निजी अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। सीएमओ कार्यालय ने यह कार्रवाई की है। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर की तलाश की जा रही है। सीएमओ कार्यालय की टीम ने अस्पताल संचालक के खिलाफ कुंडा कोतवाली में शिकायत दे दी है। महेशगंज के पनाह नगर कोटा भवानी निवासी राम नरेश ने शिकायत की थी।

उसकी पत्नी किरन की पथरी का ऑपरेशन करने के बहाने कुंडा के मवई कला स्थित निजी हॉस्पिटल में किडनी निकाल ली गई थी। ऑपरेशन के बाद किरन की हालत बिगड़ी तो प्रयागराज भेज दिया। जहां जांच में पता चला कि ऑपरेशन के दौरान एक किडनी निकाल ली। आरोप लगाया है कि इलाज के नाम पर अस्पताल संचालक ने 1.70 लाख रुपये वसूले। विरोध करने पर मारपीट की।

जांच में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर को बयान के लिए बुलाया लेकिन वह नहीं आया। डिप्टी सीएमओ की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल संचालक के खिलाफ कुंडा कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत दी। अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। उधर ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर की जांच टीम उसकी तलाश कर रही है।