मंगलुरु (कर्नाटक)। सहायक औषधि नियंत्रक के आफिस व निवास पर रेड हुई है। लोकायुक्त के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। सहायक औषधि नियंत्रक बाबू बी एन के कार्यालय, आवास और संपत्तियों पर छापेमारी की गई। उन पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। तलाशी के दौरान 3.37 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

यह है मामला

चिक्कबल्लापुर जिले के बागेपल्ली कस्बे में बाबू के घर और व्यावसायिक दुकानों, उनके आवास और कार्यालय परिसर में तलाशी ली गई। इस दौरान कुल 3.37 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति बरामद की। बेंगलुरु स्थित उनके आवास से 23.64 लाख की चल संपत्ति बरामद की गई। इसमें नकदी, सोने और चांदी के आभूषण शामिल हैं।
विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इसमें आरोप लगाया गया था कि बाबू के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति है। पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर की रिपोर्ट पर बाबू बीएन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।