मथुरा (उप्र)। जनरल स्टोर पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन की बिक्री पकड़ी है। लंबे समय से चल रही इस गतिविधि शिकायत मिली थी। इसके बाद खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई की है।

यह है मामला

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने गांव बेरा में दबिश दी। मौके से दवा और खाद्य पदार्थों के चार सैंपल लिए। वहीं प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बोतलें बरामद कीं। मौके से करीब नौ किलो भांग भी मिली है। आबकारी विभाग ने भी इस मामले में अलग से कार्रवाई की है। शिकायत मिली थी कि गांव बेरा, सुरीर स्थित सुमित प्रोवीजन स्टोर पर बिना लाइसेंस के दवाएं बेची जा रही हैं। प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन भी खुलेआम बेचे जा रहे हैं।

शिकायत के आधार पर औषधि निरीक्षक प्रेम पाठक ने पुलिस के साथ दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम को करीब तीन हजार रुपये की दवाएं और ऑक्सीटोसिन की 14 बोतलें मिलीं। टीम ने जांच के लिए दवा और खाद्य पदार्थों के चार सैंपल भी एकत्र किए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दुकान पर मुनक्का युक्त भांग की गोलियां भी बेची जा रही थीं।

इस सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी उपेन्द्र सिंह को अवगत कराया। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान से करीब आठ से नौ किलो भांग बरामद की। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव और आसपास के दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।