सीतामढ़ी (बिहार)। सदर अस्पताल में गैरहाजिर मिले 6 डॉक्टर-कर्मी सस्पेंड किए हैं। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने देर रात अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कई डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। इसके बाद मंत्री ने करीब 6 डॉक्टरों और कर्मियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
एक महिला डॉक्टर के अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों ने लापरवाही और अव्यवस्था की शिकायत की। बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की उचित व्यवस्था नहीं है। बिजली गुल होने पर वार्डों में अंधेरा छा जाता है। हल्की बारिश के बाद परिसर में जलजमाव की समस्या भी आम है। मरीजों के बेड और चादरें गंदी पाए जाने पर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल से रेफर किए सभी मरीजों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि निरीक्षण में अस्पताल में कई गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। उन्होंने सिविल सर्जन को सभी शिकायतों की जांच कर व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










