नई दिल्ली। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी पकड़ी गई है। क्राइम ब्रांच ने नशीली दवाओं की तस्करी में एक युवक को अरेस्ट किया है। आरोपी राहुल कुमार (29) के पास से भारी मात्रा में नशीली दवाएं मिली। इनमें प्रतिबंधित टैबलेट्स, कैप्सूल और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

यह है मामल

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि राहुल कुमार विकास नगर और हस्तसाल गांव के पास प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई कर रहा है। आज भी वह सप्लाई देने आएगा। सूचना के बारे में आला अधिकारियों को बताया गया। इसके बाद एक टीम को रेड के लिए तैयार किया गया। पुलिस टीम ने हस्तसाल रोड पर जाल बिछाया। एक काले रंग की स्कूटी पर सवार संदिग्ध वहां आया।

मुखबिर ने इशारा कर बताया कि यही राहुल है। वह किसी का इंतजार कर रहा था। कुछ मिनट इंतजार करने के बाद वह फरार होने की फिराक में था। अलर्ट टीम ने उसे वहीं दबोच लिया।

उसकी स्कूटी पर थैले रखे थे। तलाशी लेने पर 9 हजार गोलियां, 3360 कैप्सूल और 120 शीशी मिलीं। आरोपी के पास उनसे संबंधित कोई दस्तावेज नहीं थे। औषधि विभाग की टीम ने भी इन दवाओं के प्रतिबंधित होने की पुष्टि की। इसके चलते आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।