सिरसा (हरियाणा)। प्रतिबंधित 10 करोड़ की नशीली गोलियों की तस्करी पकड़ी गई है। सीआईए डबवाली की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। कुल 10 करोड़ रुपए बाजार मूल्य की 2 लाख 95 हजार नशे की नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई सावंतखेड़ा गांव के नजदीक टोल प्लाजा पर की गई।

यह है मामला

सीआईए डबवाली को सूचना मिली थी कि एक टैक्सी के जरिए बड़ी मात्रा में नशीला सामान ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने पंजाब रजिस्ट्रेशन की एक अर्टिगा कार को टोल प्लाजा के पास रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर से छह बड़े कार्टून मिले। सभी कार्टून नशे की गोलियों से भरे हुए थे। गोलियों की संख्या 2,95,000 बताई जा रही है। इनका अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 10 करोड़ रुपए है।

जांच में पता चला है कि आरोपी रोहतक से यह नशीला सामान लेकर आया था। उसे पंजाब के मलोट क्षेत्र में सप्लाई करने वाला था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के मुक्तसर जिले के खोखर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।