ग्वालियर। ब्रांडेड कंपनी के नाम की नकली टेबलेट का स्टॉक जब्त किया गया है। नकली दवाएं बेच रहे एक मेडिकल स्टोर पर पुलिस और दवा कंपनी की टीम ने रेड की। यहां कंपनी की नकली पैकेजिंग में दवा बेची जा रही थी। इस पर टीम ने मेडिकल स्टोर से नकली दवाओं का स्टॉक जब्त किया है। इस मामले में थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई.

थाटीपुर इलाके में एक ब्रांडेड कंपनी की नकली पैकेजिंग में दवाएं बेचने की शिकायत मिली थी। इस पर असली दवा कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस से संपर्क किया। टीम पेट्रोल पंप के पास पहुंची। जहां से थाटीपुर थाना पुलिस के साथ मेडिकल स्टोर पर पहुंची। दवा कंपनी से आए टीम सदस्यों ने ग्राहक बनकर मेडिकल स्टोर से टेबलेट खरीदी। जब टेबलेट उनके सामने आई, तो ये ब्रांडेड कंपनी के नाम की नकली पैकेजिंग में थी।

धोखाधड़ी सामने आते ही टीम ने पुलिस के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर मिला दवाओं का स्टॉक भी जब्त कर लिया। वहीं, मेडिकल स्टोर संचालक रामवीर राठौर के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।