भोपाल। नकली दवाओं की फर्जी बिल से सप्लाई करने का मामला सामने आया है। आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है।
यह है मामला
इंदौर के एक मेडिकल स्टोर से छत्तीसगढ़ में फर्जी बिल के सहारे नकली दवाएं भेजी गईं। इस मामले में इंदौर गाड़ी अड्डा स्थित मेसर्स मां बिजासन मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया था। औषधि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रायपुर के एक ट्रांसपोर्ट पर नकली दवाएं पकड़ी गईं थी। जांच में ट्रांसपोर्ट कंपनी ने इंदौर के गाड़ी अड्डा स्थित मां बिजासन मेडिकोज से इन दवाओं को भेजना बताया था। फिलहाल इस मामले में विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ की टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक से क्रय-विक्रय रिकॉर्ड व जीएसटी संबंधित दस्तावेज लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक उन्हें बिलों में गड़बड़ भी मिली हैं। मेडिकल स्टोर संचालक एक ही बिल से दो अलग-अलग फर्म को दवा दे देता था। इंदौर औषधि विभाग द्वारा मेडिकल स्टोर को नोटिस देकर दस्तावेज मांगे गए हैं। फिलहाल मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त किया गया है।










