हरिद्वार (उत्तराखंड)। नशीली दवा ट्रामाडोल सप्लाई का भंडाफोड़, हुआ है। एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
मंगलौर क्षेत्र से मई में बरामद 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल मामले की जांच में खुलासा हुआ। पुलिस ने इस अवैध कारोबार से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क उत्तर प्रदेश से संचालित किया जा रहा था।
आरोपी मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर का संचालक सचिन बताया गया है। वह दवा कंपनियों से ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर सप्लाई कर रहा था। आरोपी प्रतिबंधित दवाओं को कई गुना अधिक दाम पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।
35 लाख की ट्रामाडोल सप्लाई का खुलासा
जांच में सामने आया कि सप्लाई नेटवर्क कई क्षेत्रों तक फैला हुआ था। मिले दस्तावेजों ने तस्करी के कारोबार को उजागर कर दिया। केवल एक दवा कंपनी से ट्रामाडोल खरीदने के लिए करीब 35 लाख का भुगतान किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूलों की खरीद और सप्लाई की बात स्वीकारी है। साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। इसका इस्तेमाल कथित तौर पर सप्लाई नेटवर्क संचालित करने में किया जा रहा था। आरोपी की आय के स्रोत, अवैध संपत्ति और उसके संपर्कों की जांच कर रही है।










