शामली (उप्र)। मेडिकल एजेंसी के गोदाम से सिरप और नशीली दवाएं बरामद हुई है। गोदाम से प्रतिबंधित कोडिन सिरप की 869 शीशी और नशीली दवा की 190 टेबलेट बरामद की। यह कार्रवाई औषधि विभाग की टीम ने की। पुलिस ने एजेंसी संचालक पराग बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। औषधि निरीक्षक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों में हडक़ंप मचा रहा।

यह है मामला

औषधि विभाग को सूचना मिली कि कस्बा थानाभवन के टंकी चौक मोहल्ला छिपियान में पराग बंसल की मेडिकल एजेंसी पर सरकारी दवाएं और नशीली गोलियां है। औषधि निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मेडिकल एजेंसी पर पहुंचे। वहां जांच के बाद टीम एजेंसी के गोदाम पर पहुंंची। गोदाम में दवा रखने का लाइसेंस मांगा तो पराग बंसल कोई लाइसेंस न दिखा सके।

सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि गोदाम से प्लास्टिक के कट्टों में कुल 869 शीशी कोडीकान मार्का का सिरप बरामद हुआ। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल की थी। इन शीशी के रेपर पर हॉस्पिटल सप्लाई नॉट फॉर सेल लिखा मिला। एक पॉलिथीन में 190 नशीली टेबलेट बरामद हुई। पूछताछ में एजेंसी संचालक ने बताया कि वह एक युवक से प्रतिबंधित और नशीली दवाएं लेता था। उसका नाम पता वह नहीं जानता। इस मामले में अब पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।