अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़)। नशीले कैप्सूल की तस्करी में तीन आरोपी अरेस्ट किए गए हैं। सरगुजा संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम को यह सफलता मिली। टीम ने प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री और सप्लाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 896 नग नशीले SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

यह है मामला

जानकारी के अनुसार उडऩदस्ता टीम ने 16 फरवरी को गश्त के दौरान कत्कालो बाजार में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। इसे टीम ने दौडक़र पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश गुप्ता निवासी करजी थाना दरिमा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे झोले से 224 नग कैप्सूल बरामद किए गए। इसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं 18 फरवरी को सूचना मिली कि सूआरपारा पानी टंकी के पास दो युवक नशीले कैप्सूल की सप्लाई करने वाले हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर राहुल तिग्गा और नितेश चौहान को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 472 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।