सहारनपुर (उप्र)। नशीले कैप्सूल ट्रामाडोल के अवैध भंडार का भंडाफोड़ हुआ है। औषधि विभाग और पुलिस ने शाकंभरी विहार कॉलोनी में छापा मारा। एक मकान से 13 हजार से अधिक ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल बरामद किए औषधि विभाग ने मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

यह है मामला

ड्रग इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थीप् पता चला कि शाकंभरी विहार क्षेत्र में बिना लाइसेंस नशीली दवाओं का भंडारण और बिक्री की जा रही है। औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने पुलिस के साथ मिलकर सचिन पुत्र बाबूराम के मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान डिब्बों में रखे ट्रामाडोल युक्त स्पास्मो और स्पास्मोर ब्रांड के कुल 13,344 कैप्सूल बरामद किए गए। टीम को मौके पर दवाओं की बिक्री या भंडारण से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले।

बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 1 हजार रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान आरोपी सचिन फरार हो गया। उसकी पत्नी पिंकी की मौजूदगी में दवाओं को सीज किया गया। औषधि विभाग ने दवाओं के दो सैंपल लेकर राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए है। जांच रिपोर्ट आने के बाद न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा। ड्रग इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह का कहना है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।