नई दिल्ली। विदेशी ब्रांडेड दवा पर अमेरिका में सौ फीसदी टैरिफ लगा दिया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड पॉलिसी में बड़ा फेरबदल करते हुए इसका आदेश दिया है। इस फैसले का सीधा असर उन फार्मा कंपनियों पर पड़ेगा, जो अपनी दवाइयां अमेरिका के बाहर बनाती हैं। ट्रंप के अनुसार कंपनियों को अपनी दवाओं की कीमतें कम करनी होंगी। साथ ही उनका उत्पादन भी अमेरिका के अंदर ही करना होगा। जो कंपनियां इन शर्तों को पूरी तरह नहीं मानेंगी, उन पर भारी जुर्माना और टैक्स लगाया जाएगा।

जो कंपनियां आंशिक रूप से अपना उत्पादन शिफ्ट करेंगी, उन्हें 20 फीसदी टैक्स देना होगा। आदेश का पालन न करने वाली कंपनियों पर 100 फीसदी टैरिफ वसूला जाएगा। ट्रंप का मानना है कि इस कदम से दवाइयां सस्ती होंगी। साथ ही देश में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नौकरियों के नए अवसर भी पैदा होंगे। दवाइयों के साथ-साथ ट्रंप ने स्टील, एल्युमिनियम और तांबे (कॉपर) पर ड्यूटी में भी बड़े बदलाव किए हैं।