सिवान (िबहार)। प्रतिबंधित कोडीन सिरप की पार्सल वैन में तस्करी का मामला पकड़ में आया है। उत्पाद विभाग की टीम ने श्रीनगर स्थित इंजीनियरिंग कालेज के समीप एक महाराष्ट्र नंबर वाले पार्सल वाहन को रोका। तलाशी में भारी मात्रा में नशीले कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया। टीम ने मौके पर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर पटना निवासी आशीष और नितिन हैं। टीम द्वारा जब्त कोडीन सिरप की बाजार कीमत तकरीबन तीस लाख रुपए की आंकी जा रही है।

यह है मामला

उत्पाद विभाग के सदर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अंकेश कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के तहत इंजीनियरिंग कालेज के समीप जांच शुरू की गई। जहां टीम को देख कर तस्करों ने वाहन रोक दिया। वाहन रोकते ही गाड़ी में सवार दोनों तस्कर उतर कर भागने लगे। हालांकि जवानों के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया। जांच के दौरान पार्सल वाहन से छह सौ लीटर कोडीन फास्फेट सिरप बरामद की गई। बरामद सिरप नशे के लिए इस्तेमाल होती है। यह एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित पदार्थ है। तस्करों ने बताया कि वे लोग प्रतिबंधित कोडिंग सिरप गोरखपुर से लिए थे। इसे पटना लेकर जा रहे थे। पटना में विभिन्न दुकानों में इसका बिक्री करते हैं। हालांकि इसके पहले ही उत्पाद टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों को कोर्ट में पेश करने के बाद बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।