किच्छा, उद्यमसिंह नगर (उत्तराखंड)। दो क्लीनिक पर रेड कर प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई एसओटीएफ व फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने की। टीम ने ग्राम दोपहरिया में क्लीनिक पर रेड की। वहां से प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद कर लिया है। स्पष्ट है कि क्लीनिक की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था। किसी को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।

यह है मामला

पुलभट्टा थाना अंतर्गम ग्राम दोपहरिया में दो झोलाछाप चिकित्सकों द्वारा प्रतिबंधित दवाएं बेचने की सूचना मिली। इस पर फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन व स्पेशल आपरेशन टास्क फोर्स की टीम ने छापेमारी की। नशीली दवाओं की बरामदगी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। दोनों क्लीनिक को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं जाने दिया गया। क्लीनिक के अंदर नशीली दवाओं की गणना की गई।

वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार सहित टीम ने बरामद प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। वहीं औषधि विभाग ने एक क्लीनिक संचालक पूरन लाल व हरप्रसाद को बरामद प्रतिबंधित दवाओं के साथ पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।