मोतिहारी (बिहार)। दो अवैध मेडिकल स्टोर पर रेड कर लाखों की दवाएं जब्त की गई हैं। राज्य औषधि नियंत्रक के निर्देश पर गैर-लाइसेंसी दवा दुकानों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। इसी क्रम में जांच दल ने पिपरा थाना क्षेत्र के सिरसिया चौक स्थित दो मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।
टीम ने श्री राम मेडिकल स्टोर और मुस्कान मेडिकल स्टोर की गहन जांच की। श्री राम मेडिकल स्टोर के संचालक दर्शन कुमार राम के पास से एक लाख रुपये की दवाएं जब्त की गईं। दो संदिग्ध दवाओं के सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए गए।
वहीं, मुस्कान मेडिकल स्टोर के संचालक जयप्रकाश यादव के यहां से करीब दो लाख की दवाएं जब्त की गईं। यहां से भी एक संदिग्ध दवा का नमूना जांच के लिए लिया है। ड्रग इंस्पेक्टर दयानंद प्रसाद ने बताया कि दोनों दुकानों का नाम लाइसेंस सूची में दर्ज नहीं था। मौके पर कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त, दुकानों में उपलब्ध दवाओं की खरीद-फरोख्त के स्रोत की भी जांच की जा रही है। बिना लाइसेंस दवा की बिक्री कानूनन अपराध है। इस मामले में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










