भिलाई (छत्तीसगढ़)। मरीज ने एक निजी अस्पताल में फ्री में कैंसर का इंजेक्शन लगवा लिया। इस मामले में आरोपी मरीज पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। एक निजी अस्पताल के मैनेजर से ब्लैकमेलिंग कर 5 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

यह है मामला

कोहका साकेत नगर निवासी निर्मल सिंह एसबीएस हॉस्पिटल भिलाई में मैनेजर है। उन्होंने बताया कि गुरूमीत सिंह वाधवा अस्पताल में कैंसर का इलाज कराने आते थे। अस्पताल प्रबंधन के निर्देश पर उन्हें इंजेक्शन मुफ्त में लगाया जाता था। जरूरी काम का हवाला देकर मरीज ने बिल की मांग की थी। अस्पताल की ओर से इंजेक्शन का बिल कंपनी रेट के हिसाब से तैयार किया गया। इसके बाद मरीज गुरूमीत सिंह को दे दिया गया। लेकिन उन्होंने उसका अब तक भुगतान नहीं किया।

इसी बिल को फर्जी बताकर गुरूमीत ने उल्टा अस्पताल मैनेजर को ही ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने 5 लाख रुपए की मांग की। आरोपी अस्पताल के चेंबर में पहुंचा और गाली गलौज की। उस समय गुरुमुख सिंह रंधावा और मनोज साहू भी मौजूद थे। मैनेजर ने पैसे देने से मना कर दिया।

मरीज ने फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही आरटीआई लगाने की बात कहकर चला गया। घटना के दौरान अस्पताल के कई स्टाफ मौजूद थे। मैनेजर का कहना है कि पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास सुरक्षित है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।