हरदोई (उप्र)। अवैध रूप से संचालित दो अस्पताल सील किए गए हैं। हरपालपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने दो गैर-पंजीकृत अस्पतालों को सील कर दिया। अवैध रूप से अस्पताल और पैथोलॉजी संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं।
साण्डी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक अखिलेश वाजपेई ने यह जानकारी दी। बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ न्यू कृष्णा हॉस्पिटल और न्यू लाइफ हॉस्पिटल को सील किया। इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हडक़ंप मच गया है।
कस्बे में कई गैर-पंजीकृत अस्पताल बिना किसी वैध अनुमति के चल रहे हैं। आरोप है कि ये अस्पताल स्वास्थ्य अधिकारियों की मिलीभगत से संचालित हो रहे हैं। इससे उन्हें कमाई का जरिया मिल रहा है। इस संबंध में हरपालपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद पांडेय ने बताया कि डॉ. अखिलेश वाजपेई का कार्यक्षेत्र हरपालपुर नहीं है। जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज सिंह हैं। यह भी सामने आया है कि डॉ. वाजपेई ने 20 दिन पहले न्यू कृष्णा हॉस्पिटल को सील किया था। बाद में उसे फिर से खुलवा दिया गया था।










