छपरा (बिहार)। लाइसेंस बिना दवा निर्माण का भंडाफोड़ हुआ है। छापेमारी में बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त कर ली गई। वहीं तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। औषधि विभाग की टीम ने फुचटीखुर्द गांव में छापेमारी कर बिना लाइसेंस दवा निर्माण और भंडारण का मामला पकड़ा है। औषधि निरीक्षक कुन्दन कुमार केशरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।

यह है मामला

औषधि निरीक्षक ने बताया कि अनिरुद्ध शर्मा, गोपाल शर्मा, राजेश शर्मा एवं देवेंद्र शर्मा के घरों की तलाशी ली गई। अनिरुद्ध शर्मा के घर से 13 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं एवं चार बिना लेबल वाली औषधियां बरामद हुईं। वह दवाओं के निर्माण, भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके। वहीं गोपाल शर्मा के घर से नौ प्रकार की दवाएं बरामद की। राजेश शर्मा के घर की तलाशी में कोई दवा बरामद नहीं हुई।

पूछताछ में अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि कुछ दवाओं का उपयोग गठिया के उपचार में किया जाता था। डाइक्लोफेनाक एवं डेक्सामेथासोन जैसी दवाओं का मिश्रण आयुर्वेदिक औषधियों में किया जाता था। इसके बाद आयुर्वेद निरीक्षक इंदुकांत कुमार ने संबंधित औषधियों के सैंपल लिए। चार बिना लेबल वाली औषधियों को भी जब्त किया है। एकमा थाना में अनिरुद्ध शर्मा, गोपाल शर्मा एवं देवेंद्र शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।