लखनऊ (उप्र)। ब्रांडेड फार्मा  के नाम पर नकली दवाओं की सप्लाई पकड़ी गई है। बीकेटी में पुलिस और औषधि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। नकली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार की गई 2,157 संदिग्ध दवाओं की बोतलें बरामद की हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

यह है मामला

औषधि प्रशासन ने गोपनीय सूचना पर बीकेटी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मामपुर खड़ंजा मार्ग पर एक ओमनी वैन को रोककर जांच की। जांच में कुल 2,157 बोतलें नकली दवा की मिली। वाहन चालक दवाओं से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। मुकैन जैल के लेबल में भी कई खामियां मिली हैं। अन्य दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

पुलिस ने पूछताछ के बाद भूपेन्द्र सिंह निवासी थाना माल को गिरफ्तार किया है। भूपेन्द्र ने बताया कि ये दवाएं राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह की हैं। वह उनके कहने पर इन्हें अमीनाबाद पहुंचाने जा रहा था। आरोपी भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चल रहे राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। नकली दवाओं के नेटवर्क के स्रोत और उनके वितरण स्थलों का पता लगाया जाएगा।