लुधियाना (पंजाब)। अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर हंगामा हो गया। जी.के. अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया।
यह है मामला
विशाल ने बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी खुशबू को जी.के. अस्पताल लेकर आए थे। दोपहर करीब 3 बजे खुशबू ने एक बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। देर रात अचानक खुशबू की तबीयत खराब होने लगी।
जब खुशबू के पेट में तेज दर्द उठा तो नर्स को मदद के लिए बुलाया। आरोप है कि नर्स ने मदद करने के बजाय खुशबू को थप्पड़ मार दिए। इसके कुछ ही समय बाद जब खुशबू की हालत अधिक बिगड़ गई। तब उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। सिविल पहुंचने पर डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी नर्स व डॉक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना इंचार्ज प्रमोद राज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
परिजनों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।





